घाटशिला : बड़ाजुड़ी स्थित आदिवासी जुवान जुमिद क्लब द्वारा आयोजित 36वीं वर्षगांठ डांस एवं ड्रामा प्रतियोगिता-2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। तीन दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की 32 टीमों ने भाग लेकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 26 डांस टीमों और 6 ड्रामा टीमों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने पारंपरिक और आधुनिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन आदिवासी कला, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें युवक-युवतियों ने पारंपरिक लोकनृत्यों से लेकर आधुनिक प्रस्तुतियों तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं दूसरे दिन आयोजित ड्रामा प्रतियोगिता में सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर आधारित नाटकों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के अध्यक्ष सोनाराम सोरेन, सचिव श्याम चरण माझी, कोषाध्यक्ष बुद्धेश्वर सोरेन तथा स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन समारोह में झामुमो नेता जगदीश भगत, काजल डॉन, सुजय सिंह, बाबूलाल मुर्मू, खुदीराम हांसदा, सनातन भगत, बलराम मार्डी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।
