12 करोड़ के मोबाइल फोन से भरा ट्रक गायब, ड्राइवर-खलासी लापता; जांच में जुटी एसआईटी

12 करोड़ के मोबाइल फोन से भरा ट्रक गायब, ड्राइवर-खलासी लापता; जांच में जुटी एसआईटी

Johar News Times
2 Min Read

अररिया: बिहार के अररिया जिले में करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन से भरे एक कंटेनर के संदिग्ध रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ट्रक के साथ उसके चालक और खलासी का भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, विभिन्न कंपनियों के 1100 से अधिक पैकेट मोबाइल फोन लेकर एक कंटेनर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से असम के गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में अररिया जिले के आसपास ट्रक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। इसके बाद से न तो वाहन का पता चल सका है और न ही चालक एवं खलासी से कोई संपर्क हो पाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। जांच एजेंसियां कंटेनर की अंतिम लोकेशन, जीपीएस डेटा और चालक-खलासी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही हैं। पुलिस को आशंका है कि यह सुनियोजित लूट की घटना हो सकती है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ट्रक, उसमें लदे मोबाइल फोन और लापता चालक-खलासी की तलाश में जुटी हुई है। मामले के खुलासे के लिए विभिन्न जिलों की पुलिस और तकनीकी टीमों की भी मदद ली जा रही है।

Share This Article