रांची/भुवनेश्वर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) में बड़े संगठनात्मक फेरबदल के तहत झारखंड और बिहार के क्षेत्र संगठन मंत्री रहे याज्ञवल्क्य शुक्ल को सभी दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह प्रदीप शेखावत को क्षेत्र संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदीप शेखावत मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं। यह निर्णय ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में लिया गया। बैठक में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के संगठन मंत्रियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया।
नए दायित्वों के तहत पशुपति उपमन्यु को झारखंड का प्रांत संगठन मंत्री, अनूप कुमार को दक्षिण बिहार का प्रांत संगठन मंत्री तथा राकेश मौर्य को उत्तर बिहार का प्रांत संगठन मंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं झारखंड के संगठन मंत्री रहे निलेश कटारे को नई जिम्मेदारी देते हुए छत्तीसगढ़ का संगठन मंत्री बनाया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले क्षेत्र संगठन मंत्री के पद से दायित्वमुक्त होने के बाद गोपाल शर्मा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में विभाग प्रचारक की जिम्मेदारी दी गई थी और वर्तमान में वे झारखंड के प्रांत प्रचारक हैं। वहीं याज्ञवल्क्य शुक्ल से पहले क्षेत्र संगठन मंत्री रहे निखिल रंजन को दायित्वमुक्त होने के बाद दक्षिण बिहार में आरएसएस का विभाग प्रचार प्रमुख बनाया गया था। अभाविप के इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी कार्ययोजनाओं और संगठन विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
