जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित बारीनगर में एक महिला को मोबाइल पर अश्लील वीडियो, अभद्र ऑडियो संदेश और आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोप में पुलिस ने आरोपी अज्जू खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के साथ उसके परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों द्वारा धक्का-मुक्की और हाथापाई किए जाने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से महिला के मोबाइल नंबर पर आपत्तिजनक वीडियो और संदेश भेज रहा था, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान थी। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने 27 मई को टेल्को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मोबाइल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी द्वारा डिजिटल माध्यम से संदेश भेजने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को नोटिस देने और गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची। आरोप है कि इस दौरान आरोपी के परिजन और कुछ स्थानीय लोग उग्र हो गए तथा पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। बाद में टेल्को थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी अज्जू खान को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी पक्ष के बीच पहले से स्थानीय विवाद चल रहा था। हालांकि दोनों पक्षों में पहले समझौता हो चुका था, लेकिन कुछ लोगों द्वारा विवाद को दोबारा हवा देने के कारण मामला फिर बढ़ गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी की हरकतों से इलाके के लोग पहले से परेशान थे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अश्लील संदेश भेजने, प्रताड़ना और मर्यादा भंग से संबंधित मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी प्राथमिकी सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से हाथापाई और हंगामा करने के आरोप में दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। आरोपी का मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर आगे की जांच जारी है।
