नई दिल्ली : भाजपा ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्षों को बदल दिया है। गुरुवार को की गई इस घोषणा के साथ ही पार्टी प्रमुख नितिन नवीन ने राज्यों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी नई टीम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन बदलावों को मिशन 2029 की रणनीतिक तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।
दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा को जिम्मेदारी
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष के रूप में सांसद और केंद्रीय कॉर्पोरेट कार्य तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को नियुक्त किया गया है। वे वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे। 2024 लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली सीट से सांसद चुने गए मल्होत्रा पार्षद रह चुके हैं और पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर भी रहे हैं। उन्हें AAP के खिलाफ संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता नई अध्यक्ष
हरियाणा में मोहन लाल बडौली को हटाकर डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे इससे पहले पानीपत जिला अध्यक्ष रह चुकी हैं और 2020 में जिला अध्यक्षों की सूची में शामिल उन महिला नेताओं में थीं जिन्हें अहम जिम्मेदारी दी गई थी। पार्टी ने सामाजिक समीकरण और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की है।
पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को कमान
पंजाब में सुनील जाखड़ के तीन साल के कार्यकाल के बाद पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। 75 वर्षीय ढिल्लों 2007 से 2017 तक बरनाला से विधायक रहे और 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। वे पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं और मालवा क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है।
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय बने अध्यक्ष
त्रिपुरा में राजीव भट्टाचार्जी की जगह युवा विधायक अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। 40 वर्षीय देबरॉय गोमती जिले की माताबाड़ी सीट से विधायक हैं और 2023 विधानसभा चुनाव में पहली बार जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। फार्मेसी स्नातक देबरॉय को युवा नेतृत्व और कार्यकर्ताओं में लोकप्रिय माना जाता है।
संगठनात्मक बदलाव का संकेत
इन नियुक्तियों के साथ भाजपा ने स्पष्ट संकेत दिया है कि पार्टी युवा नेतृत्व, क्षेत्रीय संतुलन और संगठनात्मक मजबूती पर फोकस कर रही है।
