रांची के ऑड्रे हाउस में आयोजित कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन — आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास में मददगार बनेगा ऐप
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची स्थित ऑड्रे हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘आदिनिवास ऐप’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐप आदिवासी समुदाय के सर्वांगीण विकास और उनकी परंपराओं, संस्कृति तथा सामाजिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह पहल आदिवासी समाज को हर क्षेत्र में नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने ऐप के निर्माण और इसके क्रियान्वयन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और विकास योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। ‘आदिनिवास ऐप’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। राज्य सरकार का मानना है कि इस तरह की डिजिटल पहल से आदिवासी समुदाय को सरकारी योजनाओं, सांस्कृतिक जानकारी और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
