घर-घर सर्वे के दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने किया हमला, अस्पताल में चल रहा इलाज
रांची : जिले के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटकपुर गांव में जनगणना कार्य के दौरान एक कर्मी को सांप ने डंस लिया। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जनगणना कर्मी सुभेन केरकेट्टा मंगलवार को चटकपुर इलाके में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक घर के पास झाड़ियों में छिपे सांप ने उन्हें डंस लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और अन्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सुभेन केरकेट्टा को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और फिर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और चिकित्सकों की टीम इलाज में जुटी हुई है। इधर घटना के बाद जनगणना कार्य में लगे अन्य कर्मियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। कर्मियों का कहना है कि सर्वेक्षण के दौरान कई बार उन्हें झाड़ियों और दुर्गम क्षेत्रों में जाना पड़ता है, ऐसे में आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी चिकित्सा किट और सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
