लातेहार, झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने उग्रवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लाख रुपये के इनामी JJMP उग्रवादी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित छापेमारी के दौरान मिली।
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक को जानकारी मिली थी कि JJMP संगठन का सक्रिय सब-जोनल कमांडर शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह धनकड़ा मोड़ क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया और कार्रवाई शुरू कर दी।
टीम ने त्वरित अभियान चलाते हुए धनकड़ा मोड़ के पास से आरोपी शिव नारायण सिंह को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसी संगठन से जुड़े एक अन्य आरोपी, एरिया कमांडर सकुलदेव उरांव को भी उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी सेमरियाटांड़, तुपुखुर्द स्थित उसके आवास से की गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार उग्रवादी शिव नारायण सिंह पर लातेहार, चतरा और रांची जिलों में कुल 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके सहयोगी सकुलदेव उरांव के खिलाफ लातेहार जिले में दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इस कार्रवाई को पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
