जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान अवैध वसूली के दो, अलग-अलग मामलों में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को निलंबित कर दिया है। ट्रैफिक डीएसपी स्तर पर हुई जांच में दोनों मामलों के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने कार्रवाई की।
पहला मामला साकची थाना क्षेत्र का है, जहां थाना गेट के पास वाहन जांच के दौरान एक चालक से कथित तौर पर अवैध वसूली की गई। आरोप है कि प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने का हवाला देकर रुपये की मांग की गई। नकद नहीं होने पर साकची ट्रैफिक थाना में पदस्थापित एएसआई शिवशंकर पासवान ने चालक से एक दुकानदार के खाते में ऑनलाइन भुगतान करवाया। यह घटना 8 मई की बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद जांच में आरोप सही पाए गए और उन्हें निलंबित कर दिया गया।
दूसरा मामला टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास का है, जहां जुगसलाई ट्रैफिक थाना के एएसआई जय कुमार दास पर एक बाइक चालक से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा। शिकायतकर्ता जनगणना कार्य से जुड़े एक शिक्षक बताए जा रहे हैं। आरोप है कि सभी वैध दस्तावेज दिखाने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक रोके रखा गया और बाद में जुर्माने के नाम पर रकम की मांग की गई।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब स्थानीय जनप्रतिनिधि संजीव सरदार से फोन पर बात कराने की कोशिश की गई, लेकिन एएसआई ने इनकार कर दिया। इसके बाद विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों मामलों में संबंधित एएसआई को निलंबित कर दिया गया। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के साथ किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, दुर्व्यवहार या भ्रष्टाचार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी कर्मियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
