कांकेर-नारायणपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के दो डंप ध्वस्त; भारी हथियार और विस्फोटक बरामद

कांकेर-नारायणपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के दो डंप ध्वस्त; भारी हथियार और विस्फोटक बरामद

Johar News Times
1 Min Read

कांकेर और नारायणपुर जिले के सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीमों ने दो अलग-अलग अभियानों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है।

पहला अभियान 22 मई 2026 को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र में कांकेर-नारायणपुर सीमा पर स्थित ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच जंगल और पहाड़ी इलाकों में चलाया गया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों का छिपाया हुआ एक डंप मिला, जिसे ध्वस्त कर दिया गया।

दूसरी कार्रवाई 23 मई 2026 को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के बीच जंगलों में की गई। यहां भी तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में ब्लास्टिंग सामग्री और अन्य विस्फोटक बरामद किए गए। इनमें बीजीएल लॉन्चर, हथियार, गोला-बारूद और करीब 1000 डेटोनेटर शामिल बताए जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, लगातार चल रही इन कार्रवाइयों से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। सुरक्षाबलों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article