10 टन अवैध लोहे का स्क्रैप और वाहन बरामद, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
सरायकेला-खरसावां : गम्हरिया थाना पुलिस ने टाटा स्टील से स्क्रैप चोरी मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल वाहन और करीब 10 टन अवैध लोहे का स्क्रैप बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा स्टील परिसर से चोरी किया गया स्क्रैप झारगोविंदपुर रेलवे फाटक के पास जमा किया जा रहा है। एसपी के निर्देश पर गम्हरिया थाना पुलिस ने छापेमारी कर मौके से निशांत कुमार पांडेय (26), नवीन प्रमाणिक (24), तुषार कुमार महतो (20) और अमित कुमार यादव (22) को गिरफ्तार किया। साथ ही वाहन संख्या JH05EH 2727 जब्त किया गया। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्य राजा हेम्ब्रम (30), विशाल गोप (27) और प्रकाश सोरेन (25) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से औद्योगिक क्षेत्रों में सक्रिय था और फैक्ट्रियों से स्क्रैप चोरी कर अवैध रूप से बेचता था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के तार किन कबाड़ी कारोबारियों और अन्य नेटवर्क से जुड़े हैं। मामले में गम्हरिया थाना कांड संख्या 46/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्क्रैप चोरी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
