ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट और सड़क सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत रिडींग पंचायत के सीमावर्ती गांव रायजामा में पुलिस ने जनजागरूकता अभियान चलाया। पहाड़ियों की तलहटी में बसे इस गांव के बाद रांची जिले की सीमा शुरू हो जाती है। अभियान के दौरान खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने पुलिस-पब्लिक मैत्री संबंध को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस समाज का ही हिस्सा है और लोगों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की और कहा कि किसी भी समस्या में लोग सीधे थाना से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों पर जागरूक किया गया।
साइबर फ्रॉड और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
सभा में थाना प्रभारी ने पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112 और साइबर ठगी से बचाव के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी। साथ ही बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सतर्क रहने और अफवाह फैलाने वालों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। महिलाओं के अधिकार और उनके लिए बने कानूनी प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों और “गुड सेमेरिटन” कानून के बारे में बताया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद के लिए लोग आगे आ सकें।

एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर चल रहा अभियान
जिले में नई एसपी निधि द्विवेदी के पदभार संभालने के बाद पुलिस द्वारा गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस लोगों को विभिन्न कानूनों की जानकारी देने के साथ-साथ पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
