गुमला में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, दंपति से चार लाख के गहने लेकर फरार हुए दो शातिर

गुमला में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, दंपति से चार लाख के गहने लेकर फरार हुए दो शातिर

Johar News Times
3 Min Read

गुमला सदर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेल-तमाशा दिखाने वाले दो शातिर ठगों ने एक दंपति को “दोष और बुरा साया दूर करने” का झांसा देकर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने ठग लिए और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित दंपति सदमे में है।

जानकारी के अनुसार ढोढरीटोली निवासी संजय कुमार और उनकी पत्नी यशुमती कुमारी ने गुमला थाना में अज्ञात ठगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दंपति ने बताया कि सुबह पालकोट रोड स्थित शराब दुकान के पास उनकी मुलाकात दो खेल-तमाशा दिखाने वाले लोगों से हुई। बातचीत के दौरान ठगों ने उन्हें विश्वास दिलाया कि परिवार पर “दोष” और “बुरा साया” है, जिसकी वजह से परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने पूजा-पाठ और साधना से समस्या दूर करने का दावा किया। ठगों ने दंपति का मोबाइल नंबर लेकर शाम में चंदाली खरका नदी के पास खटवा नदी पुल के पास बुलाया। वहां पहुंचने पर दोनों ने तंत्र-मंत्र और पूजा का नाटक शुरू किया। इसी दौरान महिला से कहा गया कि दोष खत्म करने के लिए शरीर पर पहने सभी गहने उतारकर पूजा में देने होंगे। भरोसे में आकर महिला ने अपने सारे आभूषण उतारकर ठगों को दे दिए।

इसके बाद एक ठग गहने लेकर पुल के नीचे चला गया, जबकि दूसरे ने दंपति को आंख बंद कर ध्यान लगाने को कहा। कुछ देर बाद जब दोनों ने आंख खोली तो ठग मौके से फरार थे। आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। ठगी का एहसास होते ही दंपति गुमला थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार या अंधविश्वास के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और सतर्क रहें।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article