चौका-कांड्रा टोल रोड की जर्जर हालत पर भड़के लोग, 15 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

चौका-कांड्रा टोल रोड की जर्जर हालत पर भड़के लोग, 15 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Johar News Times
2 Min Read

Jharkhand Accelerated Road Development Company Limited द्वारा संचालित चौका-कांड्रा टोल रोड की बदहाल स्थिति को लेकर अब स्थानीय लोगों और व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका बाजार समिति ने सड़क की खराब हालत, लगातार हो रही दुर्घटनाओं और टोल वसूली के बावजूद मरम्मत नहीं होने को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त और जिला परिवहन पदाधिकारी से मुलाकात कर कहा कि चौका से कांड्रा तक सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं। कई हिस्सों में सड़क पूरी तरह टूट गई है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन बाइक सवार और छोटे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि करीब तीन-चार महीने पहले भी सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक सड़क मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई। सड़क पर अस्थायी मरम्मत तक नहीं कराई गई है, जबकि कांड्रा टोल प्लाजा पर नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है।

चौका बाजार समिति के अध्यक्ष ने कहा कि टोल रोड की स्थिति ग्रामीण कच्ची सड़क से भी खराब हो चुकी है। यदि अगले 15 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो बाजार समिति चरणबद्ध आंदोलन करेगी और टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं जिला प्रशासन ने मामले को गंभीर बताते हुए कंपनी के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क पूरी तरह दुरुस्त होने तक टोल वसूली पर रोक लगाई जाए।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article