झारखंड राजनीति: राहुल गांधी से मिले मंत्री इरफान अंसारी, कांग्रेस में अंदरूनी चर्चाएं तेज

झारखंड राजनीति: राहुल गांधी से मिले मंत्री इरफान अंसारी, कांग्रेस में अंदरूनी चर्चाएं तेज

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राज्य कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं।

पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही केंद्रीय नेतृत्व को इरफान अंसारी के कामकाज को लेकर फीडबैक दिया था। इन नेताओं की ओर से उनकी कार्यशैली और राजनीतिक छवि पर सवाल उठाए जाने की बात सामने आई है। इसी पृष्ठभूमि में यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि पार्टी नेतृत्व झारखंड सरकार के मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा पर भी नजर बनाए हुए है।

राहुल गांधी से क्या हुई चर्चा?

मुलाकात के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से राज्य के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाने की सलाह दी। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक असमानता और कमजोर वर्गों की समस्याओं पर और प्रभावी संघर्ष करने की बात भी कही गई।

झारखंड की योजनाओं पर प्रस्तुति

स्वास्थ्य मंत्री ने बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। इसमें राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के प्रयास, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और मेडिकल शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल थे।उन्होंने खास तौर पर रिम्स-2 परियोजना, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर विस्तृत रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपी।

राजनीतिक संकेत और आगे की स्थिति

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान राज्य में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा कर रहा है और भविष्य में प्रदर्शन के आधार पर संगठनात्मक या प्रशासनिक बदलाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। इस मुलाकात को केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि झारखंड कांग्रेस के भीतर चल रही राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article