जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता हेमलता वर्मा का आरोप है कि कुणाल वर्मा ने खुद को नोवामुंडी माइंस में सुपरवाइजर बताकर पहले उनसे विवाह किया, जबकि वह पहले से ही शादीशुदा था। दोनों का विवाह 2 दिसंबर 2024 को सोनारी में हुआ था, जिसमें महिला पक्ष ने करीब 2 लाख रुपये नकद, लगभग 3 लाख रुपये के जेवरात और अन्य सामान दहेज के रूप में दिए थे। शादी के कुछ समय बाद ही पति द्वारा मायके से 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा और पैसे नहीं देने पर कथित तौर पर मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता के अनुसार बाद में सामाजिक स्तर पर समझौता भी हुआ, जिसके बाद वह अपने मायके से 1 लाख रुपये लेकर ससुराल लौटीं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट जारी रही। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति की पहले से शादी हो चुकी है और उनकी पहली पत्नी अंजनी सिंह तथा एक बच्चा भी है। अब कथित रूप से उन्हें पहली पत्नी के साथ रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इस पूरे मामले में पीड़िता ने पति कुणाल वर्मा, सास रंजीत वर्मा समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ सोनारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com
