झारखंड के खरसावां के युवा क्रिकेटर प्रिंस अजहर इस बार वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज और विश्व क्रिकेट के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में शामिल क्रिस गेल की कप्तानी में बिग क्रिकेट लीग (BCL) सीजन-2 में खेलते नजर आएंगे। अजहर को नॉर्दर्न चैलेंजर्स टीम में शामिल किया गया है। लीग का आगाज 3 जून से दिल्ली में होगा। नॉर्दर्न चैलेंजर्स टीम में श्रीलंका के पूर्व कप्तान तिलकरत्ने दिलशान, भारत की विश्व विजेता टीम के सदस्य एस श्रीसंत समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार इस बार लीग पहले से अधिक रोमांचक और आकर्षक होने वाली है।
छह टीमों के बीच होगी टक्कर
बिग क्रिकेट लीग में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इस टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ देशभर के स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। अजहर के अलावा जमशेदपुर के दो अन्य खिलाड़ी विशाल प्रसाद और शुभम सिंह का भी चयन लीग के लिए हुआ है, जिससे झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।
25 हजार खिलाड़ियों में से चुने गए 60 क्रिकेटर
देश के 16 बड़े शहरों में आयोजित फिजिकल और डिजिटल ट्रायल में करीब 25 हजार क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया था। इनमें से केवल 60 खिलाड़ियों का चयन बिग क्रिकेट लीग सीजन-2 के लिए किया गया है।
लीग में दिखेंगे कई बड़े सितारे
इस बार लीग में शिखर धवन, इरफान पठान, हरभजन सिंह, मार्टिन गप्टिल, एंजेलो मैथ्यूज, थिसारा परेरा और पवन नेगी जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी भी नजर आएंगे।
सौरव तिवारी भी आ सकते हैं नजर
जमशेदपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और वर्तमान में झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी भी बिग क्रिकेट लीग में एमपी टाइगर्स टीम से खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। इसे लेकर झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
‘क्रिस गेल की कप्तानी में खेलना गर्व की बात’
प्रिंस अजहर ने कहा कि क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी की कप्तानी में खेलना उनके लिए गर्व की बात है और यह सीखने का बड़ा अवसर भी है। गौरतलब है कि अजहर बिग क्रिकेट लीग के पहले सीजन में भी खेल चुके हैं। तब वह भारत के पूर्व ऑलराउंडर यूसुफ पठान की कप्तानी वाली एमपी टाइगर्स टीम का हिस्सा थे।
लीग पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
भारत के पूर्व कप्तान और लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर, लीग प्रेसिडेंट आर. पी. सिंह, वेस्टइंडीज के महान तेज गेंदबाज और लीग के वाइस प्रेसिडेंट कोर्टनी वॉल्श तथा लीग के को-फाउंडर अनिरुद्ध चौहान ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सीजन-2 के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com
