गढ़वा में नकली बूंदी लड्डू फैक्ट्री का भंडाफोड़, बेसन की जगह खेसारी दाल और चावल के आटे का इस्तेमाल

गढ़वा में नकली बूंदी लड्डू फैक्ट्री का भंडाफोड़, बेसन की जगह खेसारी दाल और चावल के आटे का इस्तेमाल

Johar News Times
2 Min Read

गढ़वा जिले में मिलावटी मिठाइयों के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। सदर एसडीएम संजय कुमार ने रेहला रोड स्थित एक अवैध बूंदी लड्डू निर्माण कारखाने में छापेमारी कर नकली और मिलावटी सामग्री के इस्तेमाल का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि शुद्ध बेसन बताकर बेचे जा रहे लड्डू असल में प्रतिबंधित खेसारी दाल, घटिया मैदा और अरवा चावल के आटे से बनाए जा रहे थे।

प्राथमिक जांच में पता चला कि कारखाने में असली बेसन का एक दाना तक मौजूद नहीं था। संचालक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह बाजार समिति से करीब 40 रुपये किलो की दर से तथाकथित “गुलकंद बेसन” खरीदता था, जिसमें खेसारी दाल, मैदा और चावल का आटा मिला होता था। इसमें पीला रंग मिलाकर बेसन जैसा रूप दिया जाता था। मौके से भारी मात्रा में तैयार बूंदी और दो बोरी घटिया मैदा जब्त किया गया।

कारखाना संचालक की निशानदेही पर प्रशासन ने बाजार समिति की दो थोक दुकानों में भी छापेमारी की। अब सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े व्यापारियों की जांच की जा रही है।

एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि आरोपी पहले भी नकली मिठाई बेचने के मामले में कार्रवाई झेल चुका है। अब उसे ‘आदतन अपराधी’ मानते हुए सीसीए और अन्य धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ यह अवैध कारोबार चला रहा था। प्रशासन के अनुसार, यहां तैयार नकली लड्डुओं की सप्लाई गढ़वा बस स्टैंड, मेन बाजार के मिष्ठान भंडारों और रमकंडा समेत ग्रामीण इलाकों के हाट-बाजारों तक की जा रही थी। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com

Share This Article