जमशेदपुर (झारखंड): पूर्वी सिंहभूम जिले में शिक्षकों को मार्च और अप्रैल माह का वेतन अब तक नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ गई है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को शिक्षकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मनोज कुमार का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
शिक्षकों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कई शिक्षकों ने बैंक से लोन ले रखा है, जिसकी ईएमआई समय पर जमा नहीं हो पा रही है और किस्तें बाउंस हो रही हैं। इसके अलावा कुछ शिक्षकों के बच्चों की स्कूल फीस भी अटक गई है। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने सवाल उठाया कि जब वेतन भुगतान की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर लंबित है तो इसमें शिक्षकों की क्या गलती है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द उनका लंबित वेतन जारी किया जाए।
बताया जा रहा है कि डीईओ मनोज कुमार द्वारा अभी तक वेतन संबंधी विपत्र (बिल) पर हस्ताक्षर नहीं किए गए हैं, जिसके कारण भुगतान प्रक्रिया रुकी हुई है। इसी वजह से शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिल सका। शिक्षक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षकों ने डीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और घेराव कर तत्काल समाधान की मांग की। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
