रांची में कचरा प्रबंधन पर संकट: 150 टन क्षमता वाले CBG प्लांट को नहीं मिल रहा पर्याप्त गीला कचरा, उत्पादन प्रभावित

रांची में कचरा प्रबंधन पर संकट: 150 टन क्षमता वाले CBG प्लांट को नहीं मिल रहा पर्याप्त गीला कचरा, उत्पादन प्रभावित

Johar News Times
3 Min Read

रांची , राजधानी रांची के झिरी डंपिंग यार्ड में कचरा प्रबंधन और गीले कचरे से गैस उत्पादन की महत्वाकांक्षी योजना फिलहाल बाधाओं का सामना कर रही है। गेल (GAIL) द्वारा स्थापित बायो कंप्रेस्ड गैस (CBG) प्लांट अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहा है, क्योंकि रांची नगर निगम इसे पर्याप्त मात्रा में गीला कचरा उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।

जानकारी के अनुसार, झिरी में 150-150 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो CBG प्लांट लगाए गए हैं, जिनकी कुल आवश्यकता प्रतिदिन लगभग 300 मीट्रिक टन गीले कचरे की है। इस कचरे से गैस उत्पादन कर उसे वाहनों के ईंधन के रूप में उपयोग करने की योजना है। हालांकि वर्तमान में निगम द्वारा इसकी आधी मात्रा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। रांची शहर में प्रतिदिन करीब 6500 मीट्रिक टन कचरा निकलता है, लेकिन प्लांट तक पर्याप्त गीला कचरा न पहुंचने की मुख्य वजह कचरे का सही ढंग से पृथक्करण (सेग्रिगेशन) न होना है। नगर निगम ने पहले ही घरों में गीला और सूखा कचरा अलग रखने के निर्देश दिए थे और इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाए गए थे। हालांकि, कचरा उठाने वाली गाड़ियों में दोनों प्रकार का कचरा एक साथ आने से ट्रांसफर स्टेशन पर उन्हें अलग करने में समय लग रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि गीले कचरे का सही ढंग से संग्रह और आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तो यह परियोजना शहर के लिए वैकल्पिक ईंधन का बड़ा स्रोत बन सकती है, लेकिन वर्तमान स्थिति में करोड़ों रुपये की यह योजना अपने लक्ष्य से पीछे रह सकती है। इस मामले पर रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि फिलहाल रोजाना लगभग 70 से 75 टन गीला कचरा प्लांट को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में लगभग 85 प्रतिशत कचरे का डोर-टू-डोर कलेक्शन हो रहा है और इसे बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। साथ ही मिक्स कचरे को अलग करने और लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी जारी है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article