गया सेंट्रल जेल में शहीद बैकुंठ शुक्ल की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की उठी मांग,
जमशेदपुर के साकची स्थित कालीमाटी रोड पर शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी और अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाई गई। नमन परिवार की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा क्षेत्र “वीर बैकुंठ शुक्ल अमर रहे” के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभी अतिथियों ने शहीद बैकुंठ शुक्ल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नमन परिवार ने बिहार सरकार और केंद्र सरकार से गया स्थित सेंट्रल जेल परिसर में शहीद बैकुंठ शुक्ल की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया। गौरतलब है कि बैकुंठ शुक्ल को महज 27 वर्ष की आयु में अंग्रेजों ने गया सेंट्रल जेल में फांसी दी थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नमन परिवार के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि बैकुंठ शुक्ल का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है। काले ने अपने एक्स अकाउंट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से गया सेंट्रल जेल में शहीद की प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी की।
वरिष्ठ पत्रकार बृजभूषण सिंह ने कहा कि अमर सेनानियों का स्मरण करना राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। वहीं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संस्थापक वरुण कुमार ने युवाओं से राष्ट्र सेवा, अनुशासन और देशभक्ति को जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय, समाजसेवी सुधीर कुमार सिंह, साहित्यकार बलविंदर सिंह, भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष नीरू सिंह, राम केवल मिश्रा, विपिन झा, सरोज सिन्हा समेत कई वक्ताओं ने बैकुंठ शुक्ल के बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मौके पर राघवेंद्र शर्मा, राजपति देवी, एडवोकेट स्वाति मित्रा, एसके सिंह, संदीप कुमार सिंह, मुन्ना सिंह, जसवंत सिंह भोमा, पंकज वर्मा, रितिका श्रीवास्तव, डी मनी, पिंकी यादव, ममता साहा, महालक्ष्मी देवी, माया देवी, संध्या रानी महतो, कंचन देवी और मोना गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में रिंकू दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
