मिथिलांचल के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी की खबर सामने आई है। दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों में लगातार कटौती के बीच इंडिगो एयरलाइंस ने 16 जून से दरभंगा-कोलकाता फ्लाइट सेवा पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही हैदराबाद रूट पर भी उड़ानों की संख्या कम कर दी गई है, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, अभी तक दरभंगा से कोलकाता के लिए इंडिगो की नियमित उड़ान सेवा संचालित हो रही थी, लेकिन 16 जून के बाद यह सेवा बंद हो जाएगी। वहीं हैदराबाद के लिए अब सप्ताह में केवल चार दिन ही फ्लाइट उपलब्ध रहेगी। सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को इस रूट पर कोई विमान सेवा नहीं चलेगी। बताया जा रहा है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने के लिए एयरलाइन अपने विमानों का नया शेड्यूल तैयार कर रही है। इसी वजह से दरभंगा एयरपोर्ट से कुछ सेवाओं में कटौती की गई है।
कोलकाता जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी
कोलकाता फ्लाइट बंद होने का असर खास तौर पर उन लोगों पर पड़ेगा जो इलाज, व्यापार, नौकरी और पढ़ाई के लिए अक्सर कोलकाता जाते हैं। करीब पांच साल पहले शुरू हुई यह सेवा मिथिलांचल के लोगों के लिए काफी सुविधाजनक मानी जाती थी। अब यात्रियों को फिर लंबी ट्रेन यात्रा करनी पड़ सकती है या पटना एयरपोर्ट का सहारा लेना होगा।
हैदराबाद रूट पर भी बढ़ीं मुश्किलें
हैदराबाद जाने वाली उड़ानों में कटौती से आईटी सेक्टर में काम करने वाले लोगों और कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों की दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं। यात्रियों का कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के लोगों के लिए लाइफलाइन बन चुका है, लेकिन सुविधाएं बढ़ाने के बजाय लगातार कम की जा रही हैं।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने एयरलाइन के इस फैसले पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसके बावजूद उड़ान सेवाएं घटाई जा रही हैं। लोगों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से बंद की जा रही सेवाओं को जल्द बहाल करने की मांग की है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
