भारतीय जनता पार्टी ने किसानों के मुद्दे को लेकर Jharkhand में राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी 15 से 20 मई तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन करेगी। भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने और चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि महागठबंधन सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), मुफ्त बिजली, सस्ते खाद-बीज और कृषि उपकरण देने जैसे बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इन्हें भुला दिया गया।
खाद की कालाबाजारी का आरोप
आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में खाद की कालाबाजारी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि 266 रुपये में मिलने वाली यूरिया की बोरी 550 से 800 रुपये तक में बेची जा रही है। साथ ही उन्होंने पीडीएस के नमक की कालाबाजारी का भी मुद्दा उठाया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को बंद कर दिया गया और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी बाधाएं उत्पन्न की गईं।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान
भाजपा ने हाल के दिनों में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि को लेकर भी सरकार को घेरा। आदित्य साहू ने कहा कि Ranchi समेत कई जिलों में तरबूज, खीरा, ककड़ी और अन्य सब्जियों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसान आर्थिक संकट में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि कई किसान कर्ज लेकर या गहने गिरवी रखकर खेती करते हैं और ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
किसानों के लिए मुआवजे की मांग
भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही ओलावृष्टि और बारिश से क्षतिग्रस्त गरीबों के घरों के लिए भी राहत पैकेज देने की मांग की गई है। आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन किसानों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है और पार्टी कार्यकर्ता राज्यभर में जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों को उजागर करेंगे।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
