सुबह 4 बजे मची अफरा-तफरी, दमकल ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित करमटोली चौक में मंगलवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हो गया। यहां स्थित “लीवी बार एंड रेस्टोरेंट” में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरा रेस्टोरेंट जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर लालपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और रेस्टोरेंट के अंदर से तेज लपटें उठ रही थीं।
गेट तोड़कर अंदर घुसे दमकलकर्मी
रेस्टोरेंट के मालिक के अनुसार, उन्हें सुबह करीब चार बजे आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को रेस्टोरेंट का मुख्य गेट तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
दमकलकर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
ट्रांसफार्मर तक पहुंचीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें पास में लगे ट्रांसफार्मर तक पहुंचने लगी थीं, जिससे बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई थी। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता के कारण समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और आसपास के भवनों तक आग फैलने से रोक दिया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।








