जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 17 मई से सुपर स्पेशियलिटी विभागों की ओपीडी सेवा शुरू होने जा रही है। इसके तहत न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, ऑन्को सर्जरी, ऑन्कोलॉजी, कार्डियोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी समेत सात सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं में मरीजों को नियमित परामर्श मिल सकेगा। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि इन सेवाओं के शुरू होने से कोल्हान और आसपास के जिलों के मरीजों को इलाज के लिए अब रांची, कोलकाता या महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा मिल सकेगी।
रोजाना मरीजों के बचेंगे लाखों रुपये
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इन बीमारियों से पीड़ित करीब 200 मरीज प्रतिदिन निजी अस्पतालों में इलाज के लिए जाते हैं, जहां केवल परामर्श शुल्क के रूप में 800 से 1000 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। एमजीएम में यह सुविधा नि:शुल्क शुरू होने से मरीजों के सामूहिक रूप से प्रतिदिन लगभग 1.60 लाख से 2 लाख रुपये तक की बचत होगी। अस्पताल परिसर में ही पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल ओपीडी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है।
सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का शेड्यूल
- नेफ्रोलॉजी – सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- न्यूरोसर्जरी – सोमवार और मंगलवार, सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- ऑन्को सर्जरी – गुरुवार और शनिवार, सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- ऑन्कोलॉजी – मंगलवार और शनिवार, सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- प्लास्टिक सर्जरी – सोमवार, बुधवार और शुक्रवार, सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- कार्डियोलॉजी – सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार, दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में अन्य सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा, ताकि कोल्हान क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
