चाईबासा में CRPF जवानों ने निभाया रिश्तों का फर्ज, बारात रोककर दूल्हा-दुल्हन को दिया आशीर्वाद

चाईबासा में CRPF जवानों ने निभाया रिश्तों का फर्ज, बारात रोककर दूल्हा-दुल्हन को दिया आशीर्वाद

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड स्थित नक्सल प्रभावित बोरोई इलाके में इंसानियत और अपनत्व की एक खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कैंप के सामने से गुजर रही एक बारात का जवानों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद के साथ उपहार भी भेंट किए। जानकारी के अनुसार गांव की एक बारात ढोल-नगाड़ों के साथ कैंप के सामने से गुजर रही थी। संगीत और शोर सुनकर ड्यूटी पर तैनात जवान कैंप गेट पर पहुंचे। जवानों ने दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी को रुकवाया और फिर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कैंप के अधिकारियों और जवानों ने नवविवाहित जोड़े को शगुन के तौर पर उपहार दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कैंप परिसर ‘भारत माता की जय’ और बधाई के नारों से गूंज उठा। जवानों के इस व्यवहार से बारात में शामिल लोग भावुक हो गए। ग्रामीणों और बुजुर्गों ने कहा कि वर्दी में मौजूद जवानों का यह मानवीय रूप दिल छू लेने वाला है। लोगों ने कहा कि जवान सिर्फ सुरक्षा ही नहीं करते, बल्कि समाज के सुख-दुख में भी साथ खड़े रहते हैं।

कैंप के एक अधिकारी ने कहा कि देश सेवा के साथ समाज से जुड़ाव भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता और जवानों के बीच विश्वास और अपनापन मजबूत होना जरूरी है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी लोग जवानों की इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे “वर्दी में इंसानियत” की मिसाल बता रहे हैं।

Share This Article