दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026” के तहत गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में पर्यावरण संरक्षण को लेकर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन” रखी गई है, जिसके माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने किया। इस दौरान मंडल कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने समारोह में भाग लिया। DRM ने सभी उपस्थित लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने, स्वच्छता बनाए रखने और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सकारात्मक बदलाव अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करने का वादा किया।
भारतीय रेल द्वारा 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और ट्रेनों में प्लास्टिक मुक्त अभियान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों और कर्मचारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सीमा कुमारी सहित मंडल कार्यालय के सभी शाखा अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com
