झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से मिली राहत; कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से मिली राहत; कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

Johar News Times
2 Min Read

रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, खेतों में नमी बढ़ने से किसानों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 13 से 19 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 14 और 15 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

रामगढ़ में हुई सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 15.7 मिमी वर्षा रामगढ़ में रिकॉर्ड की गई। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले तीन दिनों में बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 16 जून के बीच अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद 17 और 18 जून को तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Share This Article