डुमरिया: गुड़ाबांदा प्रखंड की अंगारपाड़ा पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से संचालित वृहद पेयजल आपूर्ति योजना बंद होने से पेयजल संकट गहरा गया है। पानी की सप्लाई ठप होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल संकट को लेकर पंचायत की उपमुखिया शिल्पा दोलाई ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने योजना का कार्य देख रहे संवेदक से फोन पर बात कर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो मामले की लिखित शिकायत उपायुक्त से की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना विभागीय लापरवाही के कारण बंद पड़ी है। स्थिति यह है कि महिलाओं को दूर-दराज के जलस्रोतों और चापाकलों से पानी लाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने उपमुखिया की पहल का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
