रांची: झारखंड में ग्रामीण सड़क निर्माण योजनाओं को गति देने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग ने टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाई है। विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में शुरू किए गए 793 टेंडरों में से अब तक करीब 735 टेंडरों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष प्रक्रियाएं भी जल्द पूरी कर ली जाएंगी। ग्रामीण कार्य मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के निर्देश पर विभाग सड़क निर्माण से जुड़ी छोटी और बड़ी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इन योजनाओं में सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं, जिन पर टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू किया जाएगा।
संपर्क सुविधा बेहतर बनाने पर जोर
विभाग का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने पर है। इसके तहत अस्पताल, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन और जिला मुख्यालयों को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही जर्जर और पुरानी सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य भी चल रहा है। ग्रामीण कार्य विभाग ने सभी नई सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पांच वर्षों तक रखरखाव और निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर और टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके।
