गुमला: जिले के टोटो गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के आंगन में खेल रहे छह वर्षीय अंगद कुमार ठाकुर की दीवार गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अंगद गांव निवासी प्रदीप ठाकुर का पुत्र था। गुरुवार दोपहर वह घर में खेल रहा था, तभी अचानक घर की एक दीवार भरभराकर गिर पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिजनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे बच्चे को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. प्रेम चंद्र भगत ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। एक पल में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।
