पुराने प्यार की सनक बनी खौफनाक वारदात, पूर्व प्रेमिका समेत पूरे परिवार पर फेंका तेजाब

पुराने प्यार की सनक बनी खौफनाक वारदात, पूर्व प्रेमिका समेत पूरे परिवार पर फेंका तेजाब

Johar News Times
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुराने प्रेम संबंध की सनक में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका, उसके पति और दो मासूम बच्चों पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में पूरा परिवार गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार मामला बरेली के डूंगरपुर गांव का है। गांव निवासी उमेश कश्यप और लक्ष्मी के बीच लंबे समय तक प्रेम संबंध था, लेकिन किसी कारणवश दोनों की शादी नहीं हो सकी। बाद में परिवार वालों ने लक्ष्मी की शादी दूसरे युवक से कर दी। शादी के बाद लक्ष्मी अपने पति और दो बच्चों के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद भी उमेश लक्ष्मी को भूल नहीं पाया। दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात का सिलसिला फिर शुरू हो गया था। धीरे-धीरे यह संबंध फिर गहराने लगा, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक कारणों से विवाद बढ़ता गया।

इसी बीच उमेश का जुनून खतरनाक रूप ले बैठा। आरोप है कि उसने गुस्से में आकर लक्ष्मी, उसके पति और दोनों बच्चों पर तेजाब फेंक दिया। हमले में सभी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब प्यार सम्मान और समझदारी की सीमाएं पार कर जिद और सनक में बदल जाता है, तो उसका अंजाम कई जिंदगियों को तबाह कर सकता है।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com

Share This Article