जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में लंबे समय से रिक्त पड़े आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के 97 पदों पर जल्द नियुक्ति होगी। उपायुक्त राजीव रंजन ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया जून के अंतिम सप्ताह तक पूरी कर ली जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में 42 सेविका और 55 सहायिका पद खाली हैं। उपायुक्त ने आमसभा आयोजित कर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन 17 आंगनबाड़ी केंद्रों का काम जुलाई तक पूरा करने को कहा।
विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त ने महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित निरीक्षण कर प्रतिवेदन देने को कहा। वहीं लंबित शौचालय निर्माण, नल-जल योजनाएं और आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। जियो-टैग फोटो सर्वेक्षण, पोषण ट्रैकर में समयबद्ध प्रविष्टि और सभी केंद्रों के नियमित संचालन पर भी जोर दिया गया।
तीन प्रखंडों के सीडीपीओ पर कार्रवाई
फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) में धालभूमगढ़, बहरागोड़ा और पटमदा प्रखंड का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं मिलने पर उपायुक्त ने संबंधित सीडीपीओ का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंडों को अगले 15 दिनों में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा। इसके अलावा कुपोषण उपचार केंद्रों में शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित मामलों के जल्द निष्पादन के भी निर्देश दिए गए।
