गोड्डा: पौड़ैयाहाट प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों के निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया ने सख्त कार्रवाई की है। बीएलओ, सुपरवाइजर, बीडीओ और अंचलाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची अद्यतन, बूथ स्तरीय गतिविधियों और निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की गई। इस क्रम में बूथ संख्या-39 के बीएलओ द्वारा निर्वाचन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया।
वहीं, बीएलओ सुपरवाइजर के कार्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने और निर्वाचन कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा एईआरओ-सह-बीडीओ, पौड़ैयाहाट और एडिशनल एईआरओ-सह-अंचलाधिकारी के कार्यों में अपेक्षित गंभीरता नहीं मिलने पर दोनों अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीईओ ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए भविष्य में अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
