रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित कुम्हरदगा गांव में सोलर ऊर्जा संयंत्र से मशीन और तार चोरी करते हुए ग्रामीणों ने तीन किशोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना 15 तारीख की देर रात की बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई महीनों से कुम्हरदगा, सरलाखुर्द, सरलाकला, चोकाद समेत आसपास के दर्जनों गांवों में सोलर ऊर्जा संयंत्रों से तार, बैटरी और मशीनों की लगातार चोरी हो रही थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी थी, जिसके बाद लोग रात में निगरानी भी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि 15 तारीख की रात कुछ किशोर चोरी करने के उद्देश्य से कुम्हरदगा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों किशोरों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनके पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले सामान मिलने की बात कही जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों किशोरों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और पूरे गिरोह का खुलासा करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
