Gumla Congress Meeting : दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की संयुक्त बैठक में संगठन मजबूती और जनहित मुद्दों पर मंथन

Gumla Congress Meeting : दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की संयुक्त बैठक में संगठन मजबूती और जनहित मुद्दों पर मंथन

Johar News Times
4 Min Read

गुमला में कांग्रेस पार्टी की दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अंतर्गत रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिला की संयुक्त बैठक बाइपास रोड स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि राजनील तिग्गा ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बंधु तिर्की, शिल्पी नेहा तिर्की, प्रदेश सचिव अकील रहमान, प्रदेश सचिव रोशन बरवा, खूंटी जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा और प्रदेश संयोजक पीटर मुंडू उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत बुके और अंगवस्त्र देकर किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए बंधु तिर्की ने कहा कि हाल ही में कई समितियों का गठन किया गया है और कैंपेनिंग कमेटी के तहत दक्षिणी छोटानागपुर की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पांचों प्रमंडलों में यह पहली बैठक है और संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अनुपस्थित सांसदों, विधायकों और जिला अध्यक्षों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि संगठन सर्वोपरि है और जिम्मेदारी नहीं निभाने वालों की रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को भेजी जाएगी। बंधु तिर्की ने कहा कि अब केवल औपचारिकता से काम नहीं चलेगा। पार्टी के पदेन पदाधिकारी पार्टी को समय दें और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करें। उन्होंने पेशा कानून और ग्रामसभा की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ सड़क पर उतरने की बात कही। भाजपा और आरएसएस पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करना होगा। उन्होंने जिला अध्यक्षों को ज्वलंत समस्याओं की सूची तैयार कर आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा संगठन में संवाद की कमी दूर करने और “परिक्रमा वाला नेता” बनने की प्रवृत्ति छोड़ने की सलाह भी दी।

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कम समय में बैठक का आयोजन होना बंधु तिर्की की कर्मठता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संगठन और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। एसआईआर अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 30 जून से अभियान शुरू होगा, जिसमें बीएलओ घर-घर जाकर काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों की दस्तावेज संबंधी समस्याओं में मदद करने और सतर्क रहने का आह्वान किया। शिल्पी नेहा तिर्की ने आरोप लगाया कि एसआईआर भाजपा का बड़ा राजनीतिक हथियार बन सकता है और इसके जरिए बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा में 20 से 30 हजार वोटरों के नाम कटने की आशंका है, इसलिए कार्यकर्ताओं को जागरूक रहना होगा। साथ ही सूखे की संभावना को देखते हुए किसानों के हित में काम करने पर जोर देते हुए बताया कि 20 और 22 मई को कृषि कार्यशाला आयोजित की जाएगी। उन्होंने गुमला जिले में मडुआ की खेती को बढ़ावा देने की बात कहते हुए कहा कि एक एकड़ मडुआ खेती पर किसानों को तीन हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

बैठक को अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के अनिरुद्ध चौबे, माणिक चंद साहू, मनीष हिंदुस्तान, जिला महासचिव संजीव मलानी, निशांत दूबे, सांसद प्रतिनिधि बसंत गुप्ता, नगर अध्यक्ष जय सिंह, रोहित विक्की, नेसार, सैय्यद खालिद, इकरामुल हक, एएच अख्तर, साहेब वसीम, सन्नी कुमार, अख्तर अली, गुलाम सरवर, बैबुल अंसारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीता देवी, सिसई प्रमुख मीना देवी सहित पांचों जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article