सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड में आगामी गांव गणराज्य सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गांव गणराज्य लोक समिति (कोल्हान) की ओर से 31 मई 2026 को आयोजित होने वाले वार्षिक सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए रसूनिया पंचायत समेत कई गांवों में जन संपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को ग्राम सभा की मजबूती, वन अधिकार कानून 2006 और स्थानीय अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य गांव स्तर पर ग्राम सभाओं को सशक्त बनाना और ग्रामीणों को उनके संवैधानिक व पारंपरिक अधिकारों की जानकारी देना है। सम्मेलन में उन ग्राम सभाओं को सम्मानित भी किया जाएगा जिन्होंने सामाजिक कार्यों, वन अधिकार संरक्षण और संगठनात्मक गतिविधियों में बेहतर योगदान दिया है।
जन संपर्क अभियान के तहत रसूनिया पंचायत के रुआनी (पीयालडीह), हाथीनादा, रामईगोड़ा और सुखसारी गांवों में ग्रामीणों से संपर्क किया गया। इस दौरान लोगों से बड़ी संख्या में सम्मेलन में भाग लेने की अपील की गई।
अभियान में संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार, चांडिल प्रखंड सचिव देबूराम मांझी, प्रखंड कमेटी सदस्य अनिता सरदार, सुमित्रा महतो, बाल अखाड़ा सदस्य बिमला मांझी, मायनों हांसदा और मालती मांझी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार ने कहा कि ग्राम सभा को मजबूत किए बिना ग्रामीण स्वशासन की अवधारणा पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि वन अधिकार कानून को जमीनी स्तर पर लागू कराने और ग्रामीणों को संगठित करने के लिए ऐसे सम्मेलन जरूरी हैं।
संगठन ने आने वाले दिनों में चांडिल प्रखंड के अन्य पंचायतों में भी जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
