झारखंड के बोकारो में रविवार रात अपराधियों ने सरेआम फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम मंदिर मार्केट में बाइक सवार बदमाशों ने चास के नंदुआस्थान निवासी जयराम प्रसाद को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली उनकी दाहिनी जांघ में लग गई, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल जयराम प्रसाद को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल जयराम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह राम मंदिर मार्केट के पास सिटी पार्क की ओर स्थित एक चाय दुकान पर अपने साथियों के साथ बैठा था। तभी कई बाइकों पर सवार होकर कुख्यात अपराधी भुटू अपने करीब पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमला पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के एनएच-23 से जुड़े जमीन विवाद को लेकर किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी भुटू और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
