मिडिल ईस्ट तनाव का असर भारत पर, 12 दिनों में कई बार बढ़े CNG के दाम, आम लोगों पर बढ़ी महंगाई की मार

मिडिल ईस्ट तनाव का असर भारत पर, 12 दिनों में कई बार बढ़े CNG के दाम, आम लोगों पर बढ़ी महंगाई की मार

Johar News Times
3 Min Read

देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अब पेट्रोल-डीजल के साथ CNG की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट का असर भारत के ईंधन बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में पिछले 12 दिनों के दौरान CNG के दाम कई बार बढ़ाए गए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में CNG की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। मंगलवार को फिर 2 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई, जो पिछले दो हफ्तों में चौथी बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 15 मई को CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई थी। इसके बाद 17 मई को 1 रुपये, 23 मई को फिर 1 रुपये और अब 26 मई को 2 रुपये प्रति किलो की नई बढ़ोतरी की गई है। इस तरह दिल्ली-एनसीआर में करीब 11 से 12 दिनों के भीतर CNG लगभग 6 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव, विशेषकर ईरान और पश्चिम एशिया क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के कारण कच्चे तेल और गैस की वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे अहम समुद्री मार्ग पर संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका असर भारत पर भी पड़ रहा है।

CNG महंगी होने से ऑटो, टैक्सी, बस और माल ढुलाई का खर्च बढ़ेगा। इसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं, सब्जियों, किराना और परिवहन सेवाओं की कीमतों पर पड़ सकता है। आम लोगों के साथ छोटे कारोबारियों और परिवहन क्षेत्र पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।

हालांकि तेल कंपनियों ने देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति सामान्य रहने का दावा किया है, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।

Share This Article