जयदा शिव मंदिर में तीन दिवसीय रुद्राभिषेक महायज्ञ आज से, 26 मई को होगा विशाल भंडारा

जयदा शिव मंदिर में तीन दिवसीय रुद्राभिषेक महायज्ञ आज से, 26 मई को होगा विशाल भंडारा

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के प्रसिद्ध प्राचीन जयदा शिव मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन महंत नागा सन्यासी ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज, जिन्हें श्रद्धालु जयदा बाबा या उड़िया बाबा के नाम से भी जानते हैं, की पुण्य स्मृति में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन शुरू हो रहा है। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा (मठी चार) शाखा जयदा मंदिर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है।

मंदिर के महंत केशवानंद सरस्वती ने बताया कि 24 और 25 मई को प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रुद्राभिषेक महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान शिव का विशेष अभिषेक होगा। आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 26 मई को महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ प्रसाद वितरण एवं वार्षिक विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा। भंडारा दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

महंत केशवानंद सरस्वती ने चांडिल, सरायकेला, जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। मंदिर समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जयदा शिव मंदिर क्षेत्र का एक प्रमुख आस्था केंद्र माना जाता है, जहां हर वर्ष आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते हैं।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article