लोहरदगा/रांची : National Highway 39 पर कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग स्थित ढुलुवाखुंटा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे जाम हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मालवाहक 407 वाहन, जिसमें सरकारी शराब लदी थी, रांची से कुड़ू की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल महिला को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद करीब दो घंटे तक एनएच-39 पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम हटाया और स्थिति को सामान्य किया। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस दुर्घटना में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें शराब लदा मालवाहक वाहन, स्कूटी और एक कार शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।










