रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर एवं उससे जुड़े आधारभूत ढांचा निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए आधुनिक, सुदृढ़ और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्माण कार्यों में नवीन तकनीकों के अधिकतम उपयोग, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि परियोजनाएं तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरी हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और समय-समय पर समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि मजबूत आधारभूत संरचना के जरिए झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। इस दिशा में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

















