सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां विधानसभा क्षेत्र में जगन्नाथपुर से बाघरायडीह, बिबाडीह होते हुए बलरामपुर तक 2.47 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण योजना का बुधवार को शिलान्यास किया गया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 2.53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण और नए मार्गों के निर्माण से गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विधायक ने कहा कि सड़क बनने से आसपास के गांवों के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया। इससे पहले कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, विधायक प्रतिनिधि नायडू गोप, सुधीर महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भगत महतो, नंदी प्रधान, संजय प्रधान, जन्नत हुसैन, साधु चरण सोय, रामचंद्र लोहार, दशरथ महतो, लक्ष्मी तांती, विभाग के एई अखिलेश्वर सिंह और जेई सरकार सोरेन समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद इलाके की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
