सरायकेला-खरसावां में लू और भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी ने सभी विभागों को दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

सरायकेला-खरसावां में लू और भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी ने सभी विभागों को दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने आमजन की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को जरूरी और पुख्ता इंतजाम करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर लोगों के लिए स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए कई स्थानों पर मिट्टी के घड़े भी रखवाए गए हैं, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।

पेयजल और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष फोकस
डीसी ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देश दिया है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खराब पड़े सभी चापाकलों को युद्धस्तर पर तुरंत दुरुस्त किया जाए। जिन इलाकों में पानी की किल्लत है, वहां टैंकर के माध्यम से तत्काल जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, सदर अस्पताल समेत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस घोल, बेड और चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को तत्काल इलाज मिल सके।

प्रशासन की आम लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि लोग:

  • दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें।
  • पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ का सेवन करते रहें।
  • सीधे धूप में जाने से बचें।
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, तेज सिरदर्द, उल्टी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस हो, तो बिना लापरवाही किए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर चिकित्सकीय सलाह लें।

Share This Article