जामताड़ा शहर के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में रविवार सुबह मां पार्वती की प्रतिमा खंडित मिलने से श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार रात किसी अराजक तत्व ने इस घटना को अंजाम दिया।
बताया गया कि शनिवार को वट सावित्री पूजा के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही कम थी। रविवार सुबह जब लोग भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब मां पार्वती की टूटी प्रतिमा देखकर हड़कंप मच गया।
मंदिर के पंडित भूदेव पांडेय ने बताया कि सुबह पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुटने लगे और लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई।

सूचना मिलने के बाद जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रतिमा को किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त किया।थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संभावित संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
