हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री 18 मई 2026 को 319 नवनियुक्त सहायक आचार्यों (प्राथमिक शिक्षकों) और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में कक्षा 1 से 5 तक के लिए चयनित 158 तथा कक्षा 6 से 8 तक के 161 सहायक आचार्य शामिल हैं। इन सभी अभ्यर्थियों के चयन की अनुशंसा झारखंड राज्य कर्मचारी आयोग द्वारा की गई है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन नई नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी और राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
