गढ़वा जिले के ग्रामीण युवाओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त अनन्य मित्तल ने सदर प्रखंड के चिरौंजिया स्थित भारत सरकार संचालित एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए घोषणा की कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए आरसेटी परिसर में ही ‘पलाश मार्ट’ खोला जाएगा। इससे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं और स्थानीय महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए सीधा मंच मिल सकेगा।
उपायुक्त ने संस्थान की बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने परिसर को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जरेडा कंपनी को पत्र भेजने का निर्देश दिया, ताकि आरसेटी संस्थान में जल्द सोलर पैनल स्थापित किए जा सकें। निरीक्षण के दौरान डीसी ने वर्कशॉप, किचन, लैब, कैंटीन और छात्रावास का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था पर संतोष जताया, हालांकि अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंटीन और वर्कशॉप को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप और बेहतर बनाया जाए।
उपायुक्त अनन्य मित्तल ने कहा कि आरसेटी का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण का लाभ दिलाने के लिए जेएसपीएल का सहयोग लिया जाए तथा प्रशिक्षणार्थियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान बकरी पालन का प्रशिक्षण ले रहे युवाओं ने पशुपालन योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत भी उपायुक्त के सामने रखी। प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि सरकारी सहायता राशि सीधे वेंडरों के खाते में भेज दी जाती है, लेकिन कई बार वेंडर गुणवत्तापूर्ण बकरी, गाय या अन्य पशु उपलब्ध नहीं कराते, जिससे लाभुकों को नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि लाभुकों को स्वयं बाजार से पशु खरीदने की स्वतंत्रता दी जाए।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी। उन्होंने संस्थान के निदेशक डॉ. संजय कुमार को निर्देश दिया कि गाय, बकरी, मुर्गी और सूकर पालन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों में संबंधित विभागीय अधिकारियों और पशुपालन विभाग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य की जाए, ताकि युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ सरकारी सब्सिडी और ऋण योजनाओं की भी सही जानकारी मिल सके। निरीक्षण के दौरान अग्रणी बैंक प्रबंधक सत्यदेव रंजन, संस्थान के फैकल्टी मिथिलेश कुमार सिंह, पंकज कुमार वर्मा, रुस्तम अली, अभिषेक तिवारी और प्रद्युम्न कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
