मधुपुर : ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर गुरुवार सुबह खलासी मोहल्ला स्थित मदीना ईदगाह में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने नमाज अदा की। नमाज के बाद उन्होंने लोगों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश-प्रदेश में अमन, शांति और सद्भाव की दुआ मांगी।
इस अवसर पर डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि बकरीद त्याग, प्रेम और खुशियां बांटने का त्योहार है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर रहें, एक-दूसरे को खिलाएं-पिलाएं और समाज में प्रेम का संदेश फैलाएं।
उन्होंने कहा कि देश में नफरत फैलाने वालों को भी घर बुलाकर दावत दें, ताकि वे प्यार और भाईचारे की ताकत को समझ सकें। मंत्री ने झारखंड और पूरे देश की खुशहाली, मजबूती और शांति के लिए दुआ करते हुए कहा कि हर घर में अमन और सौहार्द बना रहे।
मदीना ईदगाह में नमाज का समय सुबह 7 बजे निर्धारित था। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
