गुमला : भरनो प्रखंड के भरनो-चट्टी मुख्य मार्ग स्थित अमलिया बझीयाटोली गांव के वनटोली मोड़ के पास बुधवार को सरकारी चना दाल के 40 से 50 खाली पैकेट सड़क किनारे पड़े मिले। ये पैकेट राशन कार्डधारियों के बीच वितरण के लिए भेजे जाने वाले चना दाल के बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) अंशुल टोप्पो मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
सड़क किनारे बड़ी संख्या में सरकारी पैकेट मिलने के बाद चना दाल की कालाबाजारी की आशंका गहरा गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एमओ ने वनटोली गांव स्थित क्रांति स्वयं सहायता समूह की जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान संचालिका अर्चना देवी से पूछताछ की गई और राशन स्टॉक व वितरण पंजी की जांच की गई। एमओ ने कई राशन कार्डधारियों से भी पूछताछ कर यह जानकारी ली कि उन्हें समय पर सही मात्रा में राशन और चना दाल मिल रहा है या नहीं।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अंशुल टोप्पो ने कहा कि खाली पैकेट मिलना गंभीर मामला है और प्रथम दृष्टया कालाबाजारी की आशंका दिख रही है। मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी पीडीएस दुकान या व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
