रांची : राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न विधायकों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में राज्य के समग्र विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मौजूद विधायकों ने मुख्यमंत्री को अपने निर्वाचन क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और स्थानीय जरूरतों से अवगत कराया। खासतौर पर सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और विकास कार्यों में तेजी लाने का भरोसा दिया।
बैठक में चाईबासा विधायक सह राज्य के राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ भी मौजूद रहे। इसके अलावा खरसावां विधायक दशरथ गागराई, मझगांव विधायक निरल पूरती, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और पोटका विधायक संजीव सरदार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विधायक दशरथ गागराई ने हाल ही में संपन्न अध्ययन यात्रा की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि 10 मई से 25 मई तक उनके नेतृत्व में झारखंड विधानसभा की आवास समिति ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान समिति ने राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा का भी भ्रमण किया तथा वहां की कार्यप्रणाली और विकास मॉडल का अध्ययन किया।
विधायक दशरथ गागराई ने अध्ययन यात्रा के अनुभव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ साझा करते हुए कहा कि अन्य राज्यों की योजनाओं और व्यवस्थाओं से झारखंड में भी कई नई पहल लागू करने की संभावनाएं हैं। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए विभागीय स्तर पर समन्वय बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर और आम लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को तेजी से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर योजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
